इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के लिए आवेदन तिथि बढ़ गई है। छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थी 10 अक्तूबर तक ईएमआईएएस पोर्टल पर पंजीकरण और इंस्पायर मानक मोबाइल एप से आवेदन कर सकते हैं। योजना के लिए अभी तक जिले के 241 सरकारी और निजी स्कूलों के करीब 795 विद्यार्थियों ने आवेदन किया हैं। पहले आवेदन करने की तिथि 15 सितंबर तक निर्धारित की गई थी। कई विद्यार्थी किन्हीं कारणों से आवेदन नहीं कर पाए हैं, इसलिए आवेदन की तिथि 10 अक्तूबर तक बढ़ा दी गई है। वहीं अभी भी जिले के 234 निजी व सरकारी स्कूलों ने पोर्टल पर न ही यूडाइज कोड अपडेट किया न ही पंजीकरण किया है। विभाग ने स्कूल प्रभारियों ने पंजीकरण करवाने की अपील की है। इस योजना का लाभ छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी उठा सकते हैं। सरकारी और निजी स्कूलों के पांच-पांच विद्यार्थी इसके लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। इसमें तीन विद्यार्थी छठी से 10वीं और दो विद्यार्थी 11वीं और 12वीं कक्षा के विज्ञान संकाय के होने चाहिए। इस योजना में विद्यार्थियों की ओर से विज्ञान विषय पर मॉडल तैयार किए जाते हैं। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी नई सोच को आगे रख सकते हैं। नया और बेहतरीन विचार देने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को अपने विचार को मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए सरकार की ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक हमीरपुर राजेश गौतम ने कहा कि हिमकॉस्टे की ओर से इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के लिए आवेदन तिथि बढ़ा गई है। जिलेभर से 234 स्कूलों ने पोर्टल पर पंजीकरण नहीं किया है। स्कूल प्रभारियों को इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।