फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंबा में हिंदू महासभा जिलाध्यक्ष पर पथराव, दो वाहनों को आग लगाने की कोशिश का आरोप

जिला मुख्यालय चंबा के बालू क्षेत्र में सोमवार रात अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह कुकरेजा पर पथराव करने और उनके दो वाहनों को आग लगाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर घटना की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। गोपाल सिंह कुकरेजा के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह स्कूटी पर सवार होकर चंबा शहर से परेल स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बालू के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर पत्थरों से हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। कुकरेजा ने बताया कि घर पहुंचने के कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि बालू स्थित सब्जी मंडी परिसर में खड़ी उनकी वैन और पिकअप को आग लगाने की कोशिश की गई है। जानकारी मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय स्थानीय लोगों और मंडी कर्मचारियों ने आग बुझा दी थी, जिससे दोनों वाहनों को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। शिकायत में उन्होंने दो लोगों पर संदेह जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। गोपाल सिंह ने इस मामले की जानकारी एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर को भी दी। उन्होंने सरकारी परिसर में खड़े वाहनों की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मंडी परिसर में खड़े वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी चिंता होना स्वाभाविक है। डीएसपी चंबा बलदेव दत्त ने बताया कि पुलिस को मिली शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें