राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नैनीखड़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक नैनीखड़ के प्रबंधक तनीश भारद्वाज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान प्रधानाचार्य निश्चिल सिंह, एसएमसी अध्यक्ष अनीता देवी, तपेश सहित स्कूल के अन्य अध्यापक मौजूद रहे। शिविर के शुभारंभ अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की शपथ ली। मुख्य अतिथि तनीश भारद्वाज ने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाजसेवा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए उनमें नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और आत्मनिर्भरता जैसे गुण विकसित होते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य निश्चिल सिंह ने स्वयंसेवकों को शिविर के दौरान अनुशासन बनाए रखने और सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक चेतना को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।