ऑल ड्राइवर कल्याण संघ की बैठक प्रधान मनोज टंडन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान बस स्टैंड, भद्रम और करियां सहित अन्य स्थानों पर सड़क के दोनों ओर हो रही अवैध पार्किंग पर सदस्यों ने चिंता जताई और प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई। बैठक में सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय हैं। सड़क के दोनों ओर बेतरतीब ढंग से खड़े किए जाने वाले वाहन दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहे हैं। विशेष रूप से बस स्टैंड के आसपास सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इससे बसों और अन्य बड़े वाहनों को गुजरने में दिक्कत होती है। कई बार जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ती है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस समस्या के संबंध में उपमंडल प्रशासन को भी अवगत करवाया गया है। उन्होंने मांग की कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने के लिए जल्द कार्रवाई की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा जाए। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग हटने से सड़क हादसों की आशंका कम होगी। साथ ही वाहन चालकों को जाम और मानसिक तनाव से भी राहत मिलेगी। संघ ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान करने का आग्रह किया।