झंडूता उपमंडल के बरठीं क्षेत्र की ग्राम पंचायत बड़गांव में प्राकृतिक खेती एवं सब्जी और कंद फसल उत्पादन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में झंडूता के कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि उपमंडलाधिकारी नागरिक झंडूता अर्शिया शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। शिविर में क्षेत्र के किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को सब्जी उत्पादन और विभिन्न प्रकार की कंद फसलों की खेती की तकनीकों से अवगत करवाया। साथ ही प्राकृतिक खेती अपनाकर कृषि लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर किसानों को विभिन्न सब्जियों के बीज वितरित किए गए, ताकि वे अपने खेतों में सब्जी उत्पादन को बढ़ावा दे सकें। प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने भाग लिया और खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। मुख्यातिथि विवेक कुमार ने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खेती में नई तकनीकों और प्राकृतिक तरीकों के इस्तेमाल से किसानों को लाभ मिलने की बात कही। वहीं, स्थानीय किसान कुलवंत सिंह पटियाल ने भी इस तरह के प्रशिक्षण शिविरों को किसानों के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलती है और खेती को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।