फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर में छठ पर्व पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, पश्चिमी यमुना नहर किनारे सफाई और सुविधाओं का अभाव

छठ पर्व को लेकर शहर में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह है। पर्व मनाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाड़ी माजरा पुल, फतेहपुर पुल, दशमेश कॉलोनी घाट, हमीदा घाट सहित पश्चिमी यमुना नहर के किनारे पहुंचते हैं। महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी आयु की कामना के साथ डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देती हैं। लेकिन इस बार नहर किनारे सफाई और जरूरी सुविधाओं का अभाव श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा रहा है। कहीं कचरे के ढेर लगे हैं तो कहीं झाड़ियां खड़ी हैं। घाटों पर सीढ़ियों और पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से व्रतियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। छठ पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है। चार दिन तक चलने वाले इस पर्व में व्रती महिलाएं कठिन नियमों का पालन करते हुए पूजा-अर्चना करती हैं। तीसरे दिन अस्त होते सूर्य और चौथे दिन उगते सूर्य को जल में खड़े होकर अर्घ्य दिया जाता है। इस दौरान घाटों की सफाई और सुरक्षित व्यवस्था बेहद जरूरी होती है। शिव नगर कॉलोनी निवासी चंदा देवी ने बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से छठ पर्व मना रही हैं और करीब 40 साल से शहर में रह रही हैं। हर बार की तरह इस बार भी नहर किनारे कचरा और झाड़ियां खड़ी हैं। प्रशासन की ओर से सफाई के लिए अधिकारी आए थे, लेकिन व्यवस्था अधूरी है। श्रद्धालुओं को खुद ही परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। धर्मवीर ने बताया कि वह करीब 50 वर्षों से परिवार के साथ छठ पर्व मना रहे हैं। प्रशासन ने घाट पर सीढ़ियां बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक सुविधा नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार नदी का काम चलने के कारण पानी बंद किया गया है। नहर में पानी नहीं होने से सूर्य को अर्घ्य देने में परेशानी होगी। लाजपत नगर से पहुंचीं चांदमती ने कहा कि घाट पर कोई उचित व्यवस्था नहीं है। लोग खुद ही सफाई करने में जुटे हैं। वहीं, धनपति ने बताया कि वह 20 वर्षों से छठ पर्व मना रही हैं। उनके अनुसार अधिकारी आए और फोटो खिंचवाकर चले गए, लेकिन सफाई और महिलाओं की सुविधा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किया गया। जितेंद्र ने बताया कि वह 15 वर्षों से छठ पर्व मना रहे हैं। घाट पर पानी में उतरने के लिए सीढ़ियां नहीं बनाई गई हैं। इससे महिलाओं को परेशानी होगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी पर्व के दौरान उनका पैर कट गया था। यदि इस बार कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से घाटों की सफाई, पर्याप्त पानी, सीढ़ियों और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें