सोनीपत। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सफाई कर्मचारी शुक्रवार को हड़ताल पर डटे रहे। नगर निगम कार्यालय के गेट पर हड़ताली कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही पांच कर्मचारियों ने मुंडन कराकर अपना विरोध जताया। उसके बाद कर्मचारियों ने मटके फोड़ प्रदर्शन किया। नगरपालिका कर्मचारी संघ के सोनीपत इकाई प्रधान भारत कंडेरा ने बताया कि निगम प्रशासन पुलिस सुरक्षा में कूड़ा उठवाकर हड़ताल को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही विरोध करने वाले कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल में भिजवाया जा रहा है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार 13 मई को हुए समझौते के दौरान मानी गई मांगों को पूरा करें। साथ ही जेल भेजे गए कर्मियों रिहा किया जाए और निलंबित किए गए कर्मियों की वापस ड्यूटी पर लिया जाए।