हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा ने चालक, परिचालक, हेल्पर और मैकेनिकों के हजारों खाली पदों पर भर्ती तथा परिवहन मंत्री की वादाखिलाफी के विरोध में 5 व 6 सितंबर को दो दिवसीय राज्यव्यापी चक्का जाम करने का ऐलान किया है। बुधवार को सोनीपत डिपो में कर्मचारियों ने दो घंटे प्रदर्शन कर महाप्रबंधक को परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का संचालन अनिल आंतिल ने किया। मोर्चा नेताओं संदीप मलिक, राकेश दहिया, जमील मिंटू, सैलेंडर, रविंदर, संजीव, राजेश, ओमवीर, धर्मेंद्र, संजय मलिक, रामपत गोरड़ व मनजीत पहल ने कहा कि 25 जुलाई को परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों से 15 दिन के भीतर बैठक बुलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक बैठक नहीं बुलाई गई। कर्मचारियों ने परिचालकों और चालकों का पे-ग्रेड बढ़ाने, जोखिम भत्ता देने, स्टैंड इंचार्ज का पद सृजित करने, 2016 में भर्ती चालकों को पक्का करने और 2018 के कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नति देने की मांग की। इसके अलावा एचकेआरएन कर्मचारियों को नियमित करने और इलेक्ट्रिक बसों की ठेका व्यवस्था समाप्त करने की भी मांग उठाई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों का जल्द समाधान नहीं किया तो 5 और 6 सितंबर को प्रदेशभर में रोडवेज का चक्का जाम किया जाएगा।