फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत जेल में रक्षाबंधन का भावुक नजारा, सलाखों के बीच भाइयों की कलाई पर सजी राखी

सोनीपत। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिला कारागार में भाई-बहन के अटूट रिश्ते की भावुक तस्वीर देखने को मिली। जेल की चहारदीवारी और सलाखें भी भाई-बहन के प्यार को रोक नहीं सकीं। जेल में बंद भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं। भाई से मिलते ही कई बहनें भावुक हो गईं और राखी बांधते समय उनकी आंखों से आंसू छलक आए। रक्षाबंधन के अवसर पर जेल परिसर का माहौल पूरी तरह भावनाओं से भरा नजर आया। एक तरफ सुरक्षा का कड़ा पहरा था तो दूसरी ओर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना कर रही थीं। बहनों ने भाइयों को मिठाई भी खिलाई और उनसे जल्द घर लौटने की उम्मीद जताई। जेल प्रशासन की ओर से रक्षाबंधन के मौके पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। जेल के अंदर ही राखी और मिठाई का इंतजाम किया गया, ताकि बहनें अपने भाइयों के साथ इस पवित्र पर्व को मना सकें। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जेल परिसर में अतिरिक्त फोर्स भी तैनात की गई थी। जेल अधीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि जेल प्रशासन ने मुलाकात के लिए पहुंची सभी बहनों की सुरक्षा जांच की। जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने की अनुमति दी गई। निर्धारित व्यवस्था के तहत बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और पर्व की खुशियां साझा कीं। सलाखों के बीच भाई-बहन के इस मिलन ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। एक तरफ जेल की बंदिशें थीं तो दूसरी तरफ रिश्तों की गर्माहट। राखी के इस पर्व ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सच्चे रिश्तों को दूरी और परिस्थितियों की दीवारें कमजोर नहीं कर सकतीं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें