सोनीपत। ऋषि कॉलोनी में सब्जी मंडी और बाबा धाम के बीच मुख्य मार्ग पर बने कूड़ा डंपिंग प्वाइंट को हटाने की मांग तेज हो गई है। एक सप्ताह से धरने पर बैठे स्थानीय निवासियों को अब सामाजिक और धार्मिक संगठनों का भी समर्थन मिल गया है। रविवार को कामी रोड स्थित बाबा धाम परिसर में सोनीपत समाज पंचायत के तत्वावधान में आयोजित पंचायत में करीब 150 से 200 लोग शामिल हुए। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक डंपिंग प्वाइंट को स्थायी रूप से दूसरी जगह स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। साथ ही इस स्थान पर कूड़ा नहीं डालने देने का भी एलान किया गया। पंचायत में वार्ड नंबर एक और पांच के निवासियों के अलावा शहर की विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सोनीपत समाज पंचायत के संयोजक संजय सिंगला, सह संयोजक अशोक खत्री और पूर्व पार्षद मुकेश सैनी ने संयुक्त रूप से पंचायत का संचालन किया। बाबा धाम के संचालक राकेश कुच्छल ने इसकी अध्यक्षता की। पंचायत में लोगों ने कहा कि रिहायशी क्षेत्र और शहर के प्रमुख आवागमन मार्ग के बीच डंपिंग प्वाइंट होने से आसपास रहने वाले परिवारों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां जमा कूड़े से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण वातावरण दूषित हो रहा है। लोगों ने आशंका जताई कि इससे संक्रमण और बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहता है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ता है। पंचायत में बाबा धाम के प्रधान प्रवीण कुच्छल, सोनीपत नगर सुधार मंच के प्रधान सरदार मोहन सिंह मनोचा, महासचिव रविंद्र सरोहा, सेफ इंडिया फाउंडेशन के निदेशक दिनेश कुच्छल, पार्षद संजय बड़वासनी, हवासिंह अंतिल, महताब खत्री, अनुराग जैन, संजय ठेकेदार, पूर्व पार्षद हरिप्रकाश सैनी, नरेंद्र हुड्डा, सूबे सिंह सैनी, संजीव दलाल, राजपाल गुलिया, मंजीत तिहाड़, मनीष सैनी, कुलदीप सहरावत और देवेंद्र गौतम सहित अनेक लोग मौजूद रहे।