रोहतक। जिला बार एसोसिएशन के वर्ष 2026 के चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है। नामांकन 3 और 5 सितंबर को होंगे, जबकि मतदान 11 सितंबर को होगा। रिटर्निंग ऑफिसर ओम प्रकाश पूनिया ने बताया कि नामांकन पत्र 3 और 5 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 सितंबर को होगी और उसी दिन शाम 5 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी। मतदान 11 सितंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना मतदान के तुरंत बाद शुरू होगी और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शुल्क 51,000 रुपये और महासचिव के लिए 31,000 रुपये , उपाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष (महिला) के लिए 21,000, संयुक्त सचिव एवं लाइब्रेरी इंचार्ज के लिए 11,000 तथा कार्यकारिणी सदस्य के लिए 2,100 नामांकन शुल्क निर्धारित है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक नामांकन पत्र का शुल्क 1,000 होगा। चुनाव लड़ने के लिए पद के अनुसार न्यूनतम प्रैक्टिस अनुभव भी निर्धारित किया गया है। अध्यक्ष पद के लिए 10 वर्ष, महासचिव एवं उपाध्यक्ष पद के लिए 5 वर्ष, संयुक्त सचिव एवं लाइब्रेरी इंचार्ज के लिए 3 वर्ष तथा कार्यकारिणी सदस्य के लिए 1 वर्ष का न्यूनतम अनुभव आवश्यक होगा।