पिकअप वाहन को साइड देने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में कुछ युवकों ने दो युवकों पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 21 वर्षीय केशव ने करीब 15 दिन बाद सोमवार रात पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। केशव विवाहित था। वहीं, हमले में घायल दूसरा युवक राम अभी उपचाराधीन है। घटना के बाद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार करीब 15 दिन पहले केशव और राम पिकअप वाहन में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक बाइक पर वहां पहुंचे। पिकअप को साइड देने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान मारपीट भी हुई। बताया जा रहा है कि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन कुछ देर बाद वही युवक कथित तौर पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे और केशव व राम पर हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर दोनों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। करीब 15 दिन तक उपचार के बाद सोमवार रात केशव ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप मृतक के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने आरोपियों को बचाने का भी आरोप लगाया है।