फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी: महंगाई और जलभराव को लेकर सरकार पर बरसे कैप्टन अजय यादव, भाजपा पर साधा निशाना

रेवाड़ी। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर महंगाई, जलभराव, सफाई व्यवस्था और कानून व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा। वे दिल्ली रोड बाईपास पर अपने पिता एवं रेवाड़ी के प्रथम विधायक स्वर्गीय राव अभय सिंह की जन्मतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कैप्टन अजय यादव ने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि चीनी और प्याज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल के नाम पर चीनी के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। आयुष्मान योजना को लेकर निजी अस्पतालों की नाराजगी पर उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक रूप से कमजोर हो चुकी है और योजनाओं के नाम पर जनता को केवल प्रलोभन दिए जा रहे हैं। उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को योजना की राशि नहीं मिल रही है। राव इंद्रजीत पर साधा निशाना: रेवाड़ी और गुरुग्राम में जलभराव की समस्या को लेकर कैप्टन अजय यादव ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि ‘राजा साहब’ मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों से दूरी बना रहे हैं, इसलिए समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि लगातार धरना-प्रदर्शन हो रहे हैं, लेकिन सरकार लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रही है। रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव के सफाई अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि एक दिन झाड़ू लगाने से सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होगी। इसके लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की भर्ती करनी होगी। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग की। कानून व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा: दिल्ली में हुई दुष्कर्म की घटना की निंदा करते हुए कैप्टन अजय यादव ने कहा कि देश और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। लगातार सामने आ रहे धरना-प्रदर्शनों से स्पष्ट है कि लोगों में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है। राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को लेकर उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए इसे ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ जैसा बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर छात्रों की लड़ाई लड़ेगी। नेपाल त्रासदी में मृतकों को दी श्रद्धांजलि: नेपाल में हुई त्रासदी में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी के कारण प्राकृतिक आपदाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें