रेवाड़ी। जिले में डेंगू के मामलों पर स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी रख रहा है। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के 14 अक्तूबर के बुलेटिन के अनुसार जिले में डेंगू के कुल 52 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 13 और निजी अस्पतालों में 39 मरीजों की पुष्टि हुई है। अब तक डेंगू की जांच के लिए कुल 3202 सैंपल लिए जा चुके हैं। बुधवार को 20 सैंपल एकत्र किए गए। जिले में डेंगू से किसी भी मरीज की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, डेंगू के कारण अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या भी शून्य दर्ज की गई है। रेवाड़ी शहरी क्षेत्र में सबसे ज्यादा मामले: क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार रेवाड़ी शहरी क्षेत्र में डेंगू के सबसे अधिक 22 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा सीएचसी मीरपुर और बावल में 11-11, गुरावड़ा में चार, खोल में तीन और नाहड़ में एक मामला दर्ज किया गया है। जिले में अब तक मलेरिया के 14 मामले सामने आए हैं। इनमें नौ स्थानीय और पांच जिले से बाहर के हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू की रोकथाम के लिए घर-घर जांच, संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेने और ओपीडी व फ्लू कॉर्नर में जांच की व्यवस्था की जा रही है। जिले में डेंगू की निशुल्क जांच के लिए नागरिक अस्पताल रेवाड़ी में एक प्रयोगशाला कार्यरत है।