सोनीपत। दिवाली पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। मिठाई, मावा, दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग भी मिलावटखोरी रोकने के लिए सतर्क हो गया है। एटलस रोड पर एक रेस्टाेरेंट में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने शहर के हलवाइयों के साथ बैठक की। उन्हें सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उचित भंडारण को लेकर सख्त निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। बैठक में दुकानदारों को हिदायत दी गई कि वे वही खाद्य पदार्थ बेचें, जिन्हें अपने परिवार और बच्चों को खिलाने में भी संकोच न हो। खासकर दूध और दूध से बने उत्पादों के भंडारण में सावधानी बरतने तथा दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान मुनाफा कमाने के लिए खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर विभाग की नजर रहेगी। मोबाइल वैन से मौके पर होगी सैंपल की जांच खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की मोबाइल सैंपल टेस्टिंग वैन शहर में विभिन्न स्थानों पर घूमेगी। चौक-चौराहों और बाजारों में दूध, पनीर और मिठाइयों के नमूनों की जांच की जाएगी। ग्राहक भी मोबाइल वैन के माध्यम से खाद्य पदार्थों का सैंपल चेक करवा सकेंगे। इसका उद्देश्य मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की प्रारंभिक जांच कर संदिग्ध उत्पादों की पहचान करना है। मिठाइयों पर यूज-बाई डेट लिखना जरूरी खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र पूनिया ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि मिठाइयों पर नियमानुसार यूज-बाई डेट अंकित की जाए। खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखा जाए और उनकी गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। विभाग की ओर से त्योहार के दौरान सैंपलिंग अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में बिक्री पर रोक और लाइसेंस से संबंधित कार्रवाई भी हो सकती है। ग्राहकों से बिल लेने की अपील खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की है। ग्राहकों को दुकानदार से बिल जरूर लेना चाहिए और खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर विभाग में शिकायत करनी चाहिए। त्योहार के दौरान जागरूकता और नियमित जांच के माध्यम से मिलावट पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा।