गोगामेडी मेले में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह अनारक्षित मेला स्पेशल रेलसेवा गोगामेडी से अलीगढ़ के बीच संचालित की जाएगी, जो महेंद्रगढ़ में भी ठहराव करेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने कहा कि गाड़ी संख्या 04749 गोगामेडी-अलीगढ़ अनारक्षित मेला स्पेशल दो सितंबर से चार सितंबर तक तीन फेरे लगाएगी। यह गोगामेडी से शाम 7:05 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी। इसी तरह, गाड़ी संख्या 04750, अलीगढ़-गोगामेडी अनारक्षित मेला स्पेशल तीन सितंबर से पांच सितंबर तक तीन फेरे लगाएगी। यह अलीगढ़ से सुबह 6:30 बजे चलकर शाम 5:30 बजे गोगामेडी पहुंचेगी। यह रेलसेवा तहसील भादरा, सादुलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, दिल्ली, गाजियाबाद, दादरी और खुर्जा जंक्शन स्टेशनों पर रुकेगी। यह विशेष रेलसेवा गोगामेडी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चलाई जा रही है। इसमें कुल 18 डिब्बे होंगे। इनमें 16 साधारण श्रेणी के डिब्बे और दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं। यह व्यवस्था यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए की गई है।