बाबा खेतानाथ राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के बीएएमएस के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को प्राकृतिक माहौल में चयवनप्राश बनाने की विधि बताई जा रही है। इसके लिए करीब 60 विद्यार्थियों के बैच को च्यवनप्राश के उद्गम स्थान महर्षि च्यवन की तपो स्थली ढोसी धाम की पहाड़ी पर ले जाया गया और वहीं पर कुल 39 जड़ी बूटियों को पहचान कर और उनकी सटीक मात्रा के अनुसार चूल्हे पर करीब 15 घंटे की मेहनत के बाद च्यवनप्राश तैयार करवाया गया। कॉलेज प्रबंधन का उद्देश्य है कि विद्यार्थी चयवनप्राश बनाने के साथ साथ जड़ी बूटी को परखने में पारंगत हों और आमजन को गुणवत्तापूर्ण एकदम प्राकृतिक च्यवनप्राश मुहैया कराया जा सके। रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग के डॉ. कुलभूषण शर्मा ने बताया कि कॉलेज परिसर में लगे आंवले के पेड़ों से आंवले को तोड़कर उसका काढ़ा कॉलेज में ही तैयार किया जाता है। इसके बाद अलग अलग पात्रों में काढ़े को भरकर विद्यार्थियों को ढोसी पहाड़ी ले जाया गया। वहीं पर विद्यार्थियों को एक एक जड़ी बूटी की पहचान व सटीक मात्रा अनुसार सभी मिश्रण को लोहे की कढ़ाई में चूल्हे पर तैयार किया। भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद में च्यवनप्राश को सबसे प्रभावी रसायन औषधियों में गिना जाता है। बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल, पटीकरा के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कुलभूषण शर्मा के अनुसार, इसका पहला उल्लेख यजुर्वेद की टीका शतपथ ब्राह्मण में महर्षि च्यवन के संदर्भ में मिलता है। मान्यता है कि राजा शर्याति की पुत्री सुकन्या से विवाह के बाद महर्षि च्यवन को पुनर्यौवन प्रदान करने के लिए देवताओं के वैद्य अश्विनी कुमार ने इसका निर्माण किया था और प्रथम प्रयोगकर्ता महर्षि च्यवन के नाम पर ही इसका नाम च्यवनप्राश पड़ा। डॉ. शर्मा बताते हैं कि आधुनिक दौर में कोविड-19 महामारी के दौरान च्यवनप्राश ने रोग प्रतिरोधक औषधि के रूप में विशेष पहचान बनाई। विभिन्न शोधों में यह बात सामने आई कि इसके सेवन से महामारी से बचाव में मदद मिली और चिकित्सा में उपयोग करने पर इसके उपद्रवों के शमन में भी सहायता मिली। च्यवनप्राश शरीर की सूक्ष्म कोशिकाओं को पुनर्जीवित करने का कार्य करता है। इसका प्रमुख घटक आंवला स्वास्थ्य की रक्षा और रोग प्रतिरोधकता बढ़ाने के साथ शरीर का कायाकल्प करता है। निर्माण प्रक्रिया के दौरान भी आंवले में मौजूद विटामिन-सी सुरक्षित रहता है। लवण रस को छोड़कर शेष रसों से युक्त यह औषधि शरीर को पोषण देती है, बुढ़ापे की गति धीमी करती है और तनाव से मुक्त रखती है। इसमें नागकेसर, इलायची, दालचीनी पाचन व वजन संतुलन में, वंशलोचन, कंटकारी, पिप्पली व वासा श्वसन तंत्र को मजबूत रखने में व गुडूची, अश्वगंधा व शतावरी तंत्रिका, प्रजनन और रक्त संवहन तंत्र को दुरुस्त करने में सहायक हैं। इससे स्मरणशक्ति, एकाग्रता, हृदय स्वास्थ्य और त्वचा की नई कोशिकाओं के निर्माण में लाभ मिलता है, जबकि चीनी व शहद परिरक्षक के साथ धातु पोषण का काम करते हैं। एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर यह रसायन चयापचय सुधारने और हड्डियों व मांसपेशियों को बल देने के साथ आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं से बचाव में सहायक है। महर्षि च्यवन के आश्रम के समीप स्थित बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल में हर वर्ष च्यवनप्राश बनाकर रोगियों को निशुल्क वितरित किया जाता है। बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान देने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है, ताकि विद्यार्थी च्यवनप्राश बनाने की विधि के साथ साथ जड़ी बूटी की पहचान करने में भी पारंगत हो सकें। -श्रीनिवास गुज्जरवार, प्राचार्य, आयुर्वेदिक कॉलेज, पटीकरा।