नारनौल। बार एसोसिएशन के आह्वान पर वीरवार को भी वकीलों ने वर्क सस्पेंड रखा और वकील न्यायिक कामकाज से दूर रहे। इसके चलते अपने मुकदमों की सुनवाई के लिए अदालत पहुंचने वाले लोगों को दो दिन परेशानी का सामना करना पडा। उल्लेखनीय है कि बार एसोसिएशन में करीब 1250 सदस्य हैं। वकीलों के वर्क सस्पेंड का असर बड़ी संख्या में मामलों की सुनवाई पर पड़ा। हालांकि, विशेष मामलों में वकील अदालतों में पेश हुए, लेकिन सामान्य मामलों में पैरवी नहीं होने के कारण कई लोगों को आगामी तारीख लेकर वापस लौटना पड़ा। बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट विजयपाल के अनुसार, पूर्व प्रधान मंजीत यादव और सचिव के कार्यकाल में बार में एक प्रस्ताव पारित किया गया था। इस प्रस्ताव को एक व्यक्ति ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जो मामला फिलहाल हाईकोर्ट में विचाराधीन है। बार एसोसिएशन का तर्क है कि यह प्रस्ताव किसी एक व्यक्ति के निजी हित के बजाय सभी सदस्यों के हित में पारित किया गया था। वर्जन: पूर्व प्रधान मंजीत यादव व सचिव सुमित चौधरी के कार्यकाल में प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसमें बार के सभी सदस्यों की सहमति थी। प्रस्ताव किसी एक व्यक्ति के निजी हित के बजाय सभी सदस्यों के लिए पारित किया गया था। पूर्व प्रधान व पूर्व सचिव के समर्थन में वर्क सस्पेंड किया गया है और जब तक मांग पूरी नहीं वर्क सस्पेंड जारी रहेगा। - एडवोकेट ओमप्रकाश यादव, समिति सदस्य, नारनौल।