अतिथि अध्यापकों के रोड मार्च और मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के घेराव के आह्वान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पिपली की तरफ जाने वाले सेक्टर-3 क्षेत्र में जिंदल चौक के पास बैरिकेडिंग की गई है। यहां वाटर कैनन की गाड़ियां भी तैनात की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमों के साथ हरियाणा पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों की बस भी मौके पर खड़ी की गई है। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। अतिथि अध्यापकों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के घेराव का आह्वान किया है। प्रदर्शन और रोड मार्च को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।