कुरुक्षेत्र। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के आगमन को लेकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जो चप्पे- चप्पे पर निगरानी रखेगा। इसके लिए विभिन्न जिलों से आये व जिला पुलिस के करीब चार हजार महिला एवं पुलिस जवानों को दिन-रात शिफ्टों में तैनात किया गया है। सुरक्षा डयूटियों को लेकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लॉ एंड आर्डर संजय कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तो जरुरी दिशा निर्देश दिए। उन्होने कहा कि वीवीआईपी आगमन के दौरान ड्यूटी मे किसी प्रकार लापरवाही सहन नही की जाएगी । अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लॉ एंड आर्डर संजय कुमार, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सहित विभिन्न जिलों से आए हुए एसपी, डीएसपी सहित अन्य अधिकारियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम हॉल, केयूके इंटरनेशनल गेस्ट हाउस, गुरुकुल कुरुक्षेत्र व भद्रकाली मंदिर के कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और सभी तैयारियां पूरी करने के लिए कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बॉक्स आयोजन स्थलों व आसपास के चप्पे- चप्पे पर पुलिस की नजर पुलिस द्बारा सीसीटीवी की मदद से आयोजन स्थल एरिया लगातार निगरानी की जा रही है। आयोजन स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में लगे सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन ने बताया कि पूरे आयोजन स्थल एरिया मे शरारती तत्वों व अपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रशासन द्बारा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आमजन की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस व कमांडो दस्ते द्वारा शहर में सर्च अभियान चलाया जाता रहा। आयोजन स्थलों के सभी गेटों पर मैटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। इसके साथ ही वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है।