महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों व आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानेसर में बुधवार को अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विधि संस्थान की निदेशक प्रो. सुशीला चौहान रहीं। उन्होंने छात्राओं को मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य और शिक्षा के अधिकार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए और किसी भी प्रकार के शारीरिक या मानसिक उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत अपने परिजनों या शिक्षकों को अवगत कराना चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए भारतीय संविधान में विशेष प्रावधान किए गए हैं।