फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छठ पूजा में नही बजेगा डीजे, और ना ही फूटगे पटाखे

करनाल। छठ पर्व सेवा समिति मंडल की ओर से शहर में 32वां महाछठ पर्व महोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के दौरान व्रतधारियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार डीजे की तेज आवाज और बम-पटाखों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। समिति ने इसके लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा है। छठ पर्व सेवा समिति मंडल के प्रधान सुरेश यादव ने बताया कि समिति की पूरी टीम ने एसपी करन गोयल को लिखित शिकायत देकर छठ पूजा के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और पटाखे चलाने पर रोक लगाने की मांग की है। सुरेश यादव ने कहा कि छठ पर्व आस्था, तपस्या और अनुशासन का महापर्व है। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष कठिन नियमों का पालन करते हुए व्रत रखते हैं। व्रतधारी कई दिनों तक खानपान और दिनचर्या में विशेष सावधानी बरतते हैं। ऐसे में पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में डीजे की तेज आवाज से उन्हें काफी परेशानी होती है। कई बार डीजे की आवाज इतनी तेज होती है कि आपस में बातचीत करना और जरूरी सूचनाएं सुनना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया कि छठ पूजा के दौरान समिति की ओर से समय-समय पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनाउंसमेंट भी किए जाते हैं, लेकिन डीजे की तेज आवाज के कारण ये घोषणाएं सुनाई नहीं देतीं। इससे श्रद्धालुओं को जरूरी जानकारी नहीं मिल पाती और आयोजन की व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं। वहीं, पटाखों के शोर से भी व्रतधारियों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य किसी की खुशियों पर रोक लगाना नहीं, बल्कि छठ महापर्व की पवित्रता, शांति और धार्मिक मर्यादा बनाए रखना है। समिति प्रधान ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि छठ पूजा के दौरान सभी पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। नियमों के विपरीत तेज आवाज में डीजे बजाने और बम-पटाखे चलाने वालों को रोका जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सहयोग से ही महाछठ पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगा। समिति चाहती है कि श्रद्धालु बिना किसी शोर-शराबे और व्यवधान के भगवान सूर्य की आराधना कर सकें और पूरे भक्तिभाव से पर्व मना सकें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें