करनाल। राजकीय महिला महाविद्यालय करनाल में उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के सौजन्य से आयोजित राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज बैडमिंटन एवं हैंडबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन प्रतियोगिता के दौरान हैंडबॉल में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। जिसमें चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी और गुरु गोरखनाथ जी गवर्नमेंट कॉलेज हिसार के बीच मैच 17-17 के स्कोर पर समाप्त हुआ। वहीं सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला कैंट की टीम ने फतेहपुर की टीम को 32-26 के स्कोर से हराया। ऐसे ही हैंडबॉल प्रतियोगिता के महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में राजकीय महिला महाविद्यालय, करनाल की टीम ने सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला कैंट को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी की टीम ने आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। वहीं, बैडमिंटन प्रतियोगिता के महिला वर्ग में नीलम विश्वविद्यालय, कैथल ने प्रथम, टीका राम महिला महाविद्यालय, सोनीपत ने द्वितीय और सनातन धर्म महाविद्यालय, अंबाला कैंट ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी प्रकार पुरुष वर्ग में नीलम विश्वविद्यालय, कैथल ने प्रथम, पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने द्वितीय और गुरु नानक खालसा कॉलेज, यमुनानगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी आकाश भट्ट एवं पूर्व प्राचार्य सुधीर उपस्थित रहे। स्वर्णिम भारत वर्ष फाउंडेशन के अध्यक्ष सतीश चावला और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकलेश्वर प्रकाश विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व प्राचार्य सुधीर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपने महाविद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेक रंगा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं खेल समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। 17-17 के स्कोर पर खत्म हुआ मुकाबला राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज हैंडबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन जब चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी और गुरु गोरखनाथ जी गवर्नमेंट कॉलेज हिसार के बीच मैच खेले गया तो दोनों ही टीमों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। मैच शुरू होते ही दोनों टीमों के खिलाड़ी गोल पर गोल मारने लगे और मैच देखने आए दर्शकों ने उनके लिए तालियां बजाना शुरू किया। मुकाबले के हाफ टाइम तक दोनों टीमों का स्कोर 10-11 का चल रहा था। हाफ टाइम के बाद जब दोनों टीमें मैदान में वापस आई तो दोनों ओर से गोल लगने शुरू हो गए। मैच में जैसे ही भिवानी की टीम एक गोल मारती, तो हिसार की टीम तुरंत उसका जवाब देते हुए गोल मार देते और स्कोर को बराबर कर देते। मुकाबले के अंतिम समय में 17-16 के स्कोर पर आकर दोनों टीमें खड़े हो गई। मैच को देखने के लिए आए दर्शकों ने मैच खत्म होने तक अपनी कुर्सी नहीं छोड़ी। अंतिम समय तक आते-आते मैच काफी रोमांचक हो गया था। रेफरी ने जब आखिरी के दो मिनट की घोषणा की तो भिवानी की टीम के खिलाड़ियों ने मैच को बराबरी पर करने के लिए गोल मार दिया और मैच 17-17 के स्कोर पर समाप्त हुआ।