करनाल सीबीएसई नेशनल हॉकी टूर्नामेंट का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का जिम्मा एसपीएस कॉन्वेंट स्कूल को सौंपा गया है। इस बात की आधिकारिक जानकारी देते हुए एसपीएस कॉन्वेंट स्कूल के प्रधानाचार्य नरेश कुमार शर्मा और मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य अंकित बंसल ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर स्कूल प्रशासन की ओर से तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। ऑल इंडिया से 27 टीमें दिखाएंगी अपना दम आयोजकों के अनुसार, इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में ऑल इंडिया स्तर पर कुल 27 टीमें हिस्सा लेंगी। देश के अलग-अलग राज्यों और सीबीएसई ज़ोन से चुनी गई ये टीमें खिताब जीतने के लिए मैदान में उतरेंगी। ओमान की 3 टीमें भी होंगी शामिल इस बार का सीबीएसई नेशनल हॉकी टूर्नामेंट अंतरराष्ट्रीय रंग में रंगा नज़र आएगा। भारत भर की टीमों के अलावा, खाड़ी देश ओमान से भी 3 अंतर्राष्ट्रीय सीबीएसई स्कूल टीमें इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विशेष रूप से करनाल पहुंच रही हैं। इससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्राप्त होगा। खिलाड़ियों के रहने व सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम प्रिंसिपल नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि बाहर से आने वाले सैकड़ों खिलाड़ियों और कोचों के ठहरने, भोजन तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। टूर्नामेंट के सभी मैच अंतर्राष्ट्रीय मानकों और नियमावली के तहत खेले जाएंगे। सीबीएसई नेशनल हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना स्कूल व पूरे करनाल शहर के लिए गर्व की बात है। हमारा लक्ष्य सभी खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं और खेल भावना से भरपूर माहौल प्रदान करना है। -अंकित बंसल, मैनेजमेंट सदस्य, एसपीएस कॉन्वेंट स्कूल।