तरावड़ी । चावल की नगरी तरावड़ी इन दिनों भक्ति, आस्था और अध्यात्म के रंग में रंगी नजर आ रही है। आगामी 5 सितंबर से 11 सितंबर तक नई अनाज मंडी तरावड़ी में आयोजित होने वाली भव्य श्रीमद्भागवत कथा को लेकर पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। देश के प्रसिद्ध कथावाचक श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज आज तरावडी के नगर खेड़े पहुचे।जंहा उन्होंने उद्योगपति रमेश गुप्ता और उनकी धर्म पत्नी संतोष गुप्ता और अमन गुप्ता और अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ मिलकर पूजा अर्चना की।शिव शक्ति इंटर ग्लोब एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के सीएमडी रमेश गुप्ता एवं अमन गुप्ता की ओर से आयोजित सुप्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य जी महाराज की श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर शनिवार को तरावड़ी में आस्था और भक्ति का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। 1100 महिलाओं के सिर पर सजे कलश, 151 धर्मध्वजाओं के साथ हजारों श्रद्धालुओं की विशाल शोभायात्रा ने तरावड़ी की सडक़ों को भक्ति के रंग में रंग दिया। नगर खेड़े से शुरू हुई यह ऐतिहासिक शोभायात्रा जहां से भी गुजरी, वहां श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जैसे ही शोभायात्रा नगर खेड़े से रवाना हुई, हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गुरुद्वारा रोड, मेन बाजार, करनाली गेट, सौंकड़ा पुलिया सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं का हुजूम दिखाई दिया। शोभायात्रा की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि काफी लंबे मार्ग तक श्रद्धालुओं की कतारें नजर आती रहीं। मातृशक्ति के साथ युवा, बुजुर्ग और बच्चे भी पूरे उत्साह से यात्रा में शामिल हुए। जयकारों से गूंजा तरावड़ी, जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत शोभायात्रा में राधे-राधे, जय श्री कृष्ण और भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। भक्ति गीतों और भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालु हाथ जोडक़र इस अद्भुत धार्मिक दृश्य को निहारते दिखाई दिए। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा तरावड़ी शहर एक साथ भगवान की भक्ति में लीन हो गया हो। कथा स्थल पहुंचते ही भक्तिरस में डूबा पंडाल नई अनाज मंडी स्थित कथा स्थल पर शोभायात्रा के पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। भक्ति भजनों की धुन पर हजारों श्रद्धालु मंत्रमुग्ध नजर आए। कोई हाथ उठाकर भजनों में रम गया तो कोई भगवान के जयकारों में शामिल होता दिखाई दिया। विशाल वातानुकूलित पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया और चारों ओर भक्ति एवं आध्यात्मिकता का माहौल नजर आया। 15 से अधिक भव्य स्वागत द्वारों से सजा तरावड़ी अनिरुद्ध आचार्य जी महाराज की कथा को लेकर शिव शक्ति इंटरग्लोब एक्सपोर्ट की ओर से तरावड़ी को विशेष रूप से सजाया गया है। शहर के प्रमुख मार्गों और प्रवेश स्थानों पर 15 से अधिक भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं। धार्मिक सजावट और आकर्षक स्वागत द्वारों ने शहर की रौनक को और बढ़ा दिया है। आयोजक रमेश गुप्ता एवं अमन गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे तरावड़ी की आस्था और श्रद्धा का उत्सव है। श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे भंडारा कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे भंडारा एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा शिविर, करीब छह एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आज की कथा में विधायक जगमोहन आनंद, विधायक भगवानदास कबीरपंथी, नगरपालिका चेयरमैन वीरेंद्र बंसल, रमेश गुप्ता, अनुज गुप्ता, अमन गुप्ता, नाथीराम गुप्ता, राकेश गुप्ता, पंकज गुप्ता, संजय गुप्ता, नरेश गुप्ता, नरेश बंसल, प्रमोद बंसल, कृष्ण चंद सिंगला, गौरव दिल्ली, आशीष दिल्ली, योगेश सहारनपुर, संजय यमुनानगर, संदीप मेरठ, अनुज गाजियाबाद, संतोष गुप्ता, शालू दिल्ली, शिखा गुप्ता, दीप्ती दिल्ली, मीनू, श्रुति सहारनपुर, रीना गाजियाबाद, अनिल गुप्ता, राजकुमार तायल, राहुल गुप्ता, तिलक राज मक्कड़, शीशपाल गुप्ता, राकेश गर्ग, मदन लाल सचदेवा, विनीत बंसल, रोशन लाल गुप्ता, रणदीप चौधरी, राजीव नारंग, राधेश्याम गर्ग, यश सलूजा, अमित रहेजा, विजय गोयल, नरेश गर्ग तथा मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।