जींद। नई सब्जी मंडी के निकट स्थित एक होटल में मंगलवार रात पार्टी के दौरान युवकों के दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि एक युवक ने असलहा निकालकर हवाई फायर कर दिया, जबकि दूसरे ने बिंडे से हमला कर दिया। आरोपियों ने कार के शीशे और इंडीकेटर भी तोड़ दिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने एक युवक को नामजद करते हुए चार अन्य के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और शस्त्र अधिनियम समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। ओम नगर निवासी संजीव ने एफआईआर में बताया कि वह मंगलवार रात अपने दोस्तों के साथ नई सब्जी मंडी के पास होटल में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान उसने अपने दोस्त नीटू को घर ले जाने के लिए कार से होटल बुलाया। दोनों घर जाने के लिए होटल के पार्क के पास आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वहां शराब पी रहे कुछ युवकों ने उन्हें ऊंची आवाज में बात नहीं करने के लिए टोका। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अपने पास मौजूद असलहे से हवाई फायर कर दिया। इसके बाद दूसरे युवक ने बिंडे से उन पर हमला किया। आरोपियों ने उनकी कार के शीशे और इंडीकेटर भी तोड़ दिए। मारपीट के दौरान आरोपी एक-दूसरे को अखिल नाम से पुकार रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। थाना प्रभारी विरेन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।