जींद। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अमर उजाला फाउंडेशन और श्री रामचंद्र बिमला देवी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से नागरिक सामान्य अस्पताल में रक्तदान शिविर लगाया गया। ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं संस्थापक नर्सिंग ऑफिसर मनीषा बरसाना की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 37 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। अमर उजाला फाउंडेशन सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से लगातार लोगों को जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करता रहा है। इसी कड़ी में ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की। शिविर का उद्देश्य ट्रस्ट के संस्थापक के माता-पिता की स्मृति को समाजसेवा के माध्यम से जीवंत रखने के साथ जरूरतमंद मरीजों की मदद करना रहा। कार्यक्रम में इनेलो नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता विजेंद्र रेढू मुख्य अतिथि रहे। चीफ नर्सिंग ऑफिसर सरोज खन्ना और नर्सिंग यूनियन प्रधान शारदा विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचीं। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। मनीषा बरसाना ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने अमर उजाला फाउंडेशन, रक्तदाताओं, अस्पताल प्रशासन और सहयोगियों का आभार जताया। इस मौके पर अशोक खरब, रामकेश, रणबीर, रविन कुमार, राजन, आर्यन, दीपक और पंकज सहित अन्य लोगों ने रक्तदान किया। शिविर के समापन पर रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।