बहादुरगढ़। जिला नगर योजनाकार की ओर से अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। बुधवार को डीटीपी अंजू के नेतृत्व में गांव बामनौली के राजस्व क्षेत्र में पुलिस बल की मदद से तोड़फोड़ अभियान चलाया गया। लाइनपार थाना पुलिस की मौजूदगी में विभाग की टीम ने करीब दो एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी में निर्माणाधीन ढांचों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में बनाए गए चार निर्माणाधीन ढांचे, 13 चारदीवारी तथा आठ डीपीसी को तोड़ा गया। विभाग की टीम ने मौके पर अवैध रूप से विकसित किए जा रहे निर्माण और प्लॉटिंग से संबंधित गतिविधियों पर कार्रवाई की। डीटीपी ने स्पष्ट किया कि बिना सक्षम अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इससे पहले 29 सितंबर को भी जिला नगर योजनाकार की ओर से बहादुरगढ़ और बरकताबाद के राजस्व क्षेत्रों में कार्रवाई की गई थी। उस दौरान बहादुरगढ़ में 8.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी में एक निर्माण, 15 डीपीसी और मिट्टी से बनाई गई सड़क नेटवर्क को ध्वस्त किया गया था। वहीं बरकताबाद में 1.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में दो डीपीसी और मिट्टी से बनाई गई सड़क नेटवर्क को हटाया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप है। विभाग की ओर से लोगों से भी बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित विभाग से वैधता की जानकारी लेने की अपील की गई है। डीटीपी अंजू ने बताया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।