झज्जर। वन स्टॉप सेंटर की लीगल काउंसलर भारती ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब हमारी बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हों। बाल विवाह इस राह की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से हम अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बना सकेंगे।सामाजिक बदलाव की शुरुआत स्थानीय स्तर से हो सकती है, लेकिन सामूहिक प्रयासों से वह पूरी दुनिया का आंदोलन बन सकता है। वह शुक्रवार को पंजाब नेशनल बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में अमर उजाला की तरफ से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक उमेश भुकर गोरिया ने की। काउंसलर भारती ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश की हर बेटी को पढ़ने, आगे बढ़ने और अपने भविष्य के फैसले खुद लेने का अवसर मिलेगा। बाल विवाह इस अधिकार को छीन लेता है और बच्चियों के सपनों को समय से पहले खत्म कर देता है। इसलिए बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई दरअसल बेटियों के बेहतर भविष्य और एक सशक्त समाज के निर्माण की लड़ाई है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-6) के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर पर बाल विवाह की दर का आंकड़ा साल 2019-21 में 23.3 फीसदी था, जो 2023-24 में घटकर 20.1 फीसदी हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास भी कहीं बाल विवाह की सूचना मिलती है तो तुरंत 181 या फिर डायल 112 पर सूचना दे सकती हैं। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाती है। इससे किसी बच्ची का जीवन खराब होने से बच सकता है। आप खुद भी लोगों को जागरूक करें कि लड़के की शादी 21 साल और लड़की की शादी 18 साल से पहले नहीं की जाए। बाल विवाह में शामिल होने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। निदेशक उमेश भुकर गोरिया ने कहा कि हम सभी का कर्त्तव्य है कि समाज में इस प्रकार की कुरीतियों को दूर करने के लिए प्रयास किए जाए। यह सब सबके सहयोग के बिना संभव नहीं है। इस अवसर पर आशीष व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।