फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साल्हावास: स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम : प्राचार्य कंवर सिंह

सुनील कुमार Updated Thu, 03 Sep 2026 04:12 PM IST

साल्हावास। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मातनहेल में पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर संपन्न हुआ। शिविर में गुरुग्राम संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए 149 स्काउट्स ने भाग लिया। परीक्षण एवं मूल्यांकन के लिए पांच सदस्यीय परीक्षक दल भी शिविर में शामिल रहा। शिविर का संचालन कैंप कोऑर्डिनेटर निधि शर्मा के कुशल समन्वय और लीडर ऑफ कोर्स श्रवणलाल जाट के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर के प्रारंभ में सभी स्काउट्स को चेस्ट नंबर आवंटित किए गए और परीक्षण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। शिविर के दूसरे एवं तीसरे दिन स्काउट्स का लिखित एवं व्यावहारिक परीक्षण किया गया। इसमें प्राथमिक चिकित्सा, गांठ एवं बंधन, कैंप क्राफ्ट, दिशा-ज्ञान, संकेत एवं संचार, ध्वज शिष्टाचार, मार्चिंग, पायनियरिंग, टेंट निर्माण, अनुमान, सेवा-भाव, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता सहित विभिन्न स्काउटिंग दक्षताओं का मूल्यांकन किया गया। स्काउट्स ने सभी गतिविधियों में उत्साह, आत्मविश्वास एवं अनुशासन का परिचय दिया। चौथे दिन सायंकाल ग्रैंड कैंप फायर का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय संगठन, गुरुग्राम संभाग के सहायक आयुक्त भूपेश भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर के कमरों, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और स्काउट्स से बातचीत कर उनके अनुभव जाने। उन्होंने स्काउट्स द्वारा तैयार किए गए कैंप क्राफ्ट का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता एवं कौशल की सराहना की। सहायक आयुक्त भूपेश भट्ट ने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं बल्कि अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने स्काउट्स को शिविर से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा सदैव समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य कंवर सिंह ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, सहयोग एवं सेवा-भाव विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे प्रशिक्षण एवं परीक्षण शिविर बच्चों को व्यावहारिक जीवन-कौशल प्रदान करने के साथ उन्हें जिम्मेदार एवं आत्मनिर्भर नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। समापन अवसर पर शिविर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी पांच परीक्षकों को सम्मानित किया गया। राज्य पुरस्कार की आवश्यक पात्रता एवं मानदंड पूर्ण करने वाले स्काउट्स को आगामी चरण में राष्ट्रपति स्काउट पुरस्कार के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें