बादली। गुभाना गांव स्थित जैन हॉट मिक्स प्लांट में बॉयलर फटने से तीन श्रमिकों के गंभीर रूप से झुलसने के मामले में लेबर विभाग ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन प्लांट प्रबंधन का सहयोग नहीं मिल रहा है। विभाग के अधिकारी दो बार जांच के लिए प्लांट पहुंच चुके हैं, लेकिन दोनों बार वहां न तो मालिक मिला और न ही मैनेजर। ऐसे में हादसे से जुड़े तथ्यों और श्रमिकों के रिकॉर्ड की जांच आगे बढ़ाने में परेशानी आ रही है। गौरतलब है कि 7 नवंबर को हुए हादसे में तीन श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे। इनमें एक 17 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है। हादसे के बाद प्लांट में सुरक्षा इंतजामों और श्रमिकों से कराए जा रहे काम को लेकर सवाल उठे थे। लेबर इंस्पेक्टर बलराज लांबा ने बताया कि विभाग की टीम दो बार प्लांट का दौरा कर चुकी है, लेकिन वहां कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं मिला। नाबालिग से काम कराने के मामले की विशेष तौर पर जांच होगी। इसके लिए उसके परिजनों से भी बातचीत की जाएगी। फिलहाल किशोर अस्पताल में उपचाराधीन है और बयान देने की स्थिति में नहीं है।