रबी सीजन से पहले खेती की लागत बढ़ने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। सरसों और गेहूं में इस्तेमाल होने वाले जिंक और सल्फर के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई है। जानकारी के अनुसार 4 किलो जिंक का पैकेट जो पहले 550 रुपये में मिलता था, अब बढ़कर 630 रुपये का हो गया है। वहीं 10 किलो सल्फर की थैली 630 रुपये से बढ़कर 1150 रुपये में बिक रही है। बीज विक्रेता बलवान ने बताया कि अचानक दाम बढ़ने से किसान काफी नाराज हैं। किसान हरपाल और संदीप ने बताया कि पहले ही डीजल-बीज महंगा है, ऊपर से जिंक-सल्फर के दाम दोगुने होने से खेती करना मुश्किल हो रहा है। किसानों ने सरकार से बढ़ते दामों पर नियंत्रण की मांग की है।