सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बादली में दांतों के रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। यहां दंत रोग विशेषज्ञ के तौर पर डॉ. गीत ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। पिछले करीब दो माह से डेंटिस्ट की कमी के चलते क्षेत्र के मरीजों को दांतों से संबंधित उपचार के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। डॉ. बृज मोहन के तबादले के बाद से यह पद खाली चल रहा था। अब डॉ. गीत के कार्यभार संभालने से बादली और आसपास के गांवों के मरीजों को सीएचसी में ही दांतों से संबंधित बीमारियों का उपचार मिल सकेगा। इससे मरीजों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। डॉ. गीत ने लोगों को दांतों की नियमित देखभाल करने की सलाह देते हुए कहा कि दांतों की सफाई में लापरवाही आगे चलकर गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। दिन में कम से कम दो बार फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट से ब्रश करना चाहिए।