क्षेत्र में आलमनगर गांव के निकट गंगा एक्सप्रेसवे पर गत्ते से भरे कंटेनर में आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर वाहनों के पहिए थम गए। इटावा क्षेत्र के गांव कुइयां निवासी चालक जितेंद्र बुधवार को कंटेनर में गत्ता भरकर अमेठी से मेरठ की ओर जा रहे थे। जैसे ही कंटेनर क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर गांव आलमनगर पुल के पास पहुंचा, तो अज्ञात कारणों से गत्ते में आग लग गई। कंटेनर से धुंआ उठाता देखकर लोगों ने इसकी जानकारी जितेंद्र को दी। जितेंद्र ने तुरंत ही कंटेनर सड़क के किनारे रोक लिया। लेकिन, तब तक कंटेनर के पिछले हिस्से से आग की लपटें उठने लगी। चालक व क्लीनर तुरंत कंटेनर से बाहर आ गए। वहीं, आग की लपटें देखकर दूसरे चालकों ने अपने-अपने वाहन पीछे ही रोक लिए। इस बारे में सूचना बहादुरगढ़ पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने दमकल विभाग को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस-दमकल विभाग ने ग्रामीणों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी मिलने पर सीओ राहुल यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ राहुल यादव ने बताया कि चालक व क्लीनर सकुशल हैं। आग लगने के कारणों की जानकारी की जा रही है। वाहन को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है।