शहीदी दिवस के अवसर पर बुधवार को हांसी में अमर शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा का अनावरण किया गया। दिल्ली रोड टी-पॉइंट पर नवनिर्मित शहीद राव तुलाराम चौक पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। कार्यक्रम का आयोजन मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन राजपाल यादव की ओर से किया गया। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मवीर सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आज गौरव का दिन है। शहीदों की धरती हांसी में अमर शहीद राव तुलाराम के नाम पर चौक बनाया गया और उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि देश अपने शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि राव तुलाराम ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था। उनके संघर्ष और बलिदान से आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने अहीरवाल समाज से एकजुट रहने का आह्वान भी किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शहीदों को किसी भी सूरत में भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और राव तुलाराम समेत अन्य स्वतंत्रता सेनानियों का जिक्र करते हुए कहा कि अंग्रेजी शासन के दौरान कई वीरों के योगदान को इतिहास में पीछे करने के प्रयास हुए, लेकिन आजादी के बाद उनके बलिदान को सामने लाने का काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के समर्थन में मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर पिछले दिनों लगे नारों पर पत्रकारों ने केंद्रीय मंत्री से सवाल किया। इस पर राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आरती राव पहली बार विधायक बनी हैं और पहली बार पार्टी ने उन्हें मंत्री की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चयन पार्टी नेतृत्व करता है। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो निर्णय करेगा, उसे सभी को स्वीकार करना होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में क्या होगा, इसके लिए पार्टी के निर्णय का इंतजार करना होगा। केंद्रीय मंत्री से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेकर दिए गए बयान पर भी सवाल किया गया। दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्यमंत्री को लेकर कई आरोप लगाए थे। इस पर राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि इस सवाल का जवाब किसी और दिन पूछा जाए। उन्होंने इस सवाल पर विस्तार से प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।