सरकारी स्कूलों में बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में पानी की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत विभाग ने 12 नवंबर 2026 को पेटवाड़ गांव के चार सरकारी स्कूलों से पानी के रैंडम सैंपल लिए थे। अब इन सैंपलों की रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसमें चारों स्कूलों के पानी की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई है। जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने बताया कि विभाग की जिम्मेदारी है कि विशेष रूप से सरकारी स्कूलों में पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ एवं पीने योग्य पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसी उद्देश्य से पेटवार गांव के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय (बॉयज) और राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय से पानी के सैंपल लिए गए थे। उन्होंने बताया कि चारों स्कूलों की रिपोर्ट में पानी की गुणवत्ता सही पाई गई है। पानी में किसी प्रकार की गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी नहीं मिली। टीडीएस की मात्रा भी निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर है। रिपोर्ट के अनुसार राजकीय प्राथमिक विद्यालय में टीडीएस 325 मिलीग्राम प्रति लीटर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पेटवाड़ में 298 मिलीग्राम प्रति लीटर, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 310 मिलीग्राम प्रति लीटर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 290 मिलीग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया है। कार्यकारी अभियंता ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में भी विभाग की ओर से नियमित रूप से पानी के सैंपल लिए जाते हैं, लेकिन अब विशेष ध्यान ग्रामीण और दूरदराज के गांवों के सरकारी स्कूलों पर दिया जा रहा है, ताकि बच्चों को सुरक्षित पेयजल मिल सके। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि हर स्कूल, शहर और गांव तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचे। इसके लिए लगातार सैंपलिंग और जांच अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले समय में भी विभिन्न स्थानों पर पानी की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।