फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हांसी में नया बस स्टैंड बनाने की तैयारी, बाईपास के आसपास 10 एकड़ जमीन की तलाश शुरू

हांसी। हांसी को जिला बनाए जाने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नए और आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण की योजना पर परिवहन विभाग ने काम शुरू कर दिया है। नए बस अड्डे के लिए हांसी बाईपास के आसपास करीब 10 एकड़ जमीन की आवश्यकता बताई गई है, जिसकी तलाश प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की जा रही है। मौजूदा रोडवेज बस स्टैंड करीब साढ़े चार एकड़ जमीन में बना हुआ है। जिला बनने के बाद बसों की संख्या और यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए वर्तमान बस स्टैंड को भविष्य के हिसाब से छोटा माना जा रहा है। फिलहाल हांसी डिपो में करीब 70 बसें हैं। हांसी को जिला बनाए जाने के बाद परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बढ़ गई है। जिले के हिसाब से हांसी में करीब 150 बसों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में रोडवेज के पास महज 70 बसें उपलब्ध हैं। परिवहन विभाग की ओर से बसों की कमी को दूर करने के लिए 80 नई बसों की मांग भेजी जा चुकी है। नई बसें मिलने के बाद जिले में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। नया बस स्टैंड हांसी बाईपास के आसपास बनाए जाने की योजना है। इससे शहर के अंदर बसों की आवाजाही कम होगी और मुख्य बाजारों व शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव भी घटने की उम्मीद है। साथ ही 150 से अधिक बसों का संचालन और पार्किंग भी व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी। हालांकि, मौजूदा बस स्टैंड को दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना से यहां लंबे समय से कारोबार कर रहे दुकानदारों और आसपास के लोगों की चिंता बढ़ सकती है। बस स्टैंड के कारण यहां दुकानदारों को यात्रियों की आवाजाही से रोजगार मिलता है। यदि बस स्टैंड दूसरी जगह चला जाता है तो दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है। आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर स्थानीय दुकानदारों और लोगों में रोष भी देखने को मिल सकता है। हांसी रोडवेज बस स्टैंड के प्रभारी सतबीर सिंह यादव ने बताया कि रोडवेज विभाग की ओर से पत्र आया है। जिला बनने के बाद बस स्टैंड के विकास के लिए करीब 10 एकड़ जमीन की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान बस स्टैंड करीब साढ़े चार एकड़ में है। नए स्थान पर बस स्टैंड बनने से भविष्य में बसों के संचालन को और बेहतर किया जा सकेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें