फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हांसी में शिक्षक दिवस पर नई लाइब्रेरी की सौगात, विधायक विनोद भयाना ने युवाओं से लाभ उठाने का किया आह्वान

हांसी। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला बाल कल्याण परिषद हांसी के बाल भवन परिसर में लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। सर्व कल्याण मंच की ओर से जिला बाल कल्याण परिषद हांसी के सहयोग से शुरू की गई इस लाइब्रेरी का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अध्ययन के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना है। कार्यक्रम में हांसी के विधायक विनोद भयाना मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। विधायक विनोद भयाना ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो युवा पढ़ेगा, वही आगे बढ़ेगा। उन्होंने युवाओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य को निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाल भवन परिसर में शुरू की गई लाइब्रेरी युवाओं के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। यहां उन्हें पढ़ाई के लिए शांत और अनुकूल वातावरण मिलेगा। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में युवाओं को बिना खर्ची-बिना पर्ची सरकारी नौकरी मिलने की शुरुआत हुई है। जब युवाओं में यह विश्वास पैदा हुआ कि बिना खर्ची और बिना रिश्वत के सरकारी नौकरी हासिल की जा सकती है, तो उनका रुझान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और लाइब्रेरी की ओर बढ़ा है। सर्व कल्याण मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के निजी सचिव नवीन कौशिक ने भी युवाओं को शिक्षित बनने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा लाइब्रेरी का भरपूर लाभ उठाएं और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए मेहनत करें। उन्होंने बताया कि सर्व कल्याण मंच की ओर से हर शहर में इस तरह की लाइब्रेरी खोलने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। जिला बाल कल्याण परिषद हांसी की वाइस चेयरमैन डॉ. सविता नरवाल ने कहा कि जिंदगी में कामयाबी का मुख्य मूलमंत्र शिक्षा प्राप्त करना है। उन्होंने विशेष रूप से लड़कियों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि जब एक लड़की पढ़ती है तो दो घरों में शिक्षा का उजाला पहुंचता है। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी में अध्ययन करके युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं और बड़े अधिकारी बनने के अपने सपने को साकार कर सकते हैं। वहीं अग्रोहा विकास ट्रस्ट हांसी के प्रधान विनय जैन ने कहा कि इस लाइब्रेरी के माध्यम से युवाओं को पढ़ाई के लिए निशुल्क सुविधा उपलब्ध होगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा और अध्ययन के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध करवाना समाज को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। युवाओं से इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें