ताऊ देवीलाल सदन में इंडियन स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन की प्रदेश स्तरीय बैठक में इनेलो के प्रदेश प्रधान महासचिव गौरव संपत सिंह ने कहा कि आईएसओ व इनेलो के सहयोग से प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन 23 मार्च को जींद जिले के नरवाना में आयोजित किया जाएगा। युवाओं को उनका हक दिलाने के लिए आईएसओ- इनेलो सड़क पर उतरेगी। युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए सरकार को नौकरियां निकालने पर मजबूर कर देंगे। हिसार में मीडिया से बातचीत करते गौरव संपत सिंह ने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल की नीतियों और इनेलो की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए युवा इंडियन नेशनल लोकदल ने अपनी कमर कस ली है। आज प्रदेश का युवा उपेक्षित महसूस कर रहा है। आईएसओ व युवा इनेलो उसे उसका हक दिलाकर रहेगी। 23 मार्च को 'शहीदी दिवस' के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी टीम जुट गई है। गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर युवाओं को इस कार्यक्रम से जोड़ेंगें। शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हर एक युवा को रोजगार मिलेगा। इस कार्यक्रम के जरिए हम सोई हुई व्यवस्था को जगाने का महाअभियान शुरु करेंगे।इनेलो का एक-एक कार्यकर्ता अब सड़कों पर उतरकर इस गूंगी-बहरी सरकार की ईंट से ईंट बजाने का काम करेगा।इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से साहिलदीप कस्वां, दलबीर किरमारा, एडवोकेट प्रदीप बाजिया, हर्ष बागड़ी,जिला प्रवक्ता विनोद कसवां सहित अन्य उपस्थित रहे।