हांसी। पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने मिनी स्टेडियम गढ़ी पहुंचकर ग्रामीणों, खिलाड़ियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान हांसी पुलिस की ओर से कबड्डी और रस्साकशी प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया, ताकि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर उन्हें नशे जैसी बुराई से दूर रहने का सकारात्मक संदेश दिया जा सके। आपको बता दे कि प्रतियोगिता के दौरान लड़कों की कबड्डी टीमों के बीच गांव महेन्दा और गढ़ी का मुकाबला हुआ, जिसमें गांव महेन्दा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं लड़कियों की कबड्डी प्रतियोगिता में गांव गढ़ी की टीम विजेता रही। इसके अलावा रस्साकशी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं। नशा युवाओं की प्रतिभा, स्वास्थ्य और भविष्य को बर्बाद करता है, जबकि खेल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं।युवाओं को चाहिए कि वे अपना समय खेलों, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा नशे से हमेशा दूर रहें। उन्होंने ग्रामीणों से भी आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करें और गांव को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हांसी पुलिस द्वारा खेलों के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने का उद्देश्य उन्हें नशे से दूर रखकर स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक भविष्य की ओर प्रेरित करना है।