हांसी भिवानी महेंद्रगढ़ सांसद धर्मवीर के पुत्र मोहित चौधरी को धर्म सेना का युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किए जाने के बाद हांसी में उनके सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। हिसार-हांसी रोड स्थित केसी फार्म में कल होने वाले इस सम्मान समारोह में धर्म सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल होंगे। धर्म सेना के जिला अध्यक्ष कृष्ण चेयरमैन ने बताया कि मोहित चौधरी को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। समारोह के दौरान उनका सम्मान कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी जाएंगी।कृष्ण चेयरमैन का कहना है कि मोहित चौधरी के नेतृत्व में युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि धर्म सेना का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना, उन्हें सामाजिक कार्यों से जोड़ना और धर्म एवं राष्ट्रहित के प्रति जागरूक करना है। वहीं, पत्रकारों से बातचीत में कृष्ण चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि धर्म सेना कोई राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि धार्मिक और सामाजिक मंच है। उन्होंने धर्म सेना के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में समारोह में पहुंचने की अपील की है, ताकि मोहित चौधरी का उत्साहवर्धन किया जा सके और कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। अब देखना होगा कि मोहित चौधरी को मिली नई जिम्मेदारी के बाद धर्म सेना युवाओं को संगठन से जोड़ने और सामाजिक गतिविधियों को किस तरह आगे बढ़ाती है