बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति लिमिटेड, मंघेड़ा के नवनिर्मित कार्यालय एवं गोदाम का उद्घाटन शुक्रवार को हुआ। समारोह में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान सांसद बराला ने कहा कि सहकारिता केवल एक संस्थागत व्यवस्था नहीं, बल्कि किसानों की आर्थिक मजबूती और ग्रामीण विकास का सशक्त माध्यम है। केंद्र और प्रदेश सरकार सहकारिता से समृद्धि के संकल्प के साथ किसानों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मंघेड़ा में बने नए कार्यालय और गोदाम से क्षेत्र के किसानों को खाद, बीज सहित अन्य सुविधाएं एक ही छत के नीचे बेहतर तरीके से मिल सकेंगी। इससे सहकारी व्यवस्था और अधिक पारदर्शी व मजबूत होगी। कार्यक्रम में बराला ने क्षेत्र के किसान भाइयों और ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जब किसान समृद्ध होगा, तो गांव सशक्त होगा और देश आत्मनिर्भर बनेगा। इस अवसर पर सहकारिता विभाग के अधिकारी, समिति के पदाधिकारी, सरपंच सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।