फतेहाबाद। नगर परिषद की ओर से बुधवार को 27 वार्डों में आयोजित वार्ड समिति की बैठकें महज औपचारिकता बनकर रह गईं। जिन बैठकों में वार्ड के विकास कार्यों पर चर्चा होनी थी और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का सत्यापन किया जाना था, वहां ज्यादातर जगह न पार्षद पहुंचे और न ही वार्ड समिति के सदस्य। कहीं पार्षदों ने बैठक करवाने से ही इंकार कर दिया तो कहीं कर्मचारी अकेले ही लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया में जुटे रहे। कुल मिलाकर तीसरी तिमाही की बैठकें जमीनी स्तर पर व्यवस्था की पोल खोलती नजर आईं। सबसे गंभीर स्थिति यह रही कि कई वार्डों में बैठक की सूचना तक समय पर नहीं पहुंचाई गई। पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद बैठकों के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। बैठकों में अधिकारियों की जगह कर्मचारियों को भेज दिया जाता है। ऐसे में वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों पर गंभीरता से चर्चा कैसे हो सकती है।