करवा चौथ के त्योहार को लेकर पिछले चार दिनों से बाजारों में रौनक बनी हुई है। त्योहार के मद्देनजर बाजार में खांड के करवे, मिट्टी के लोटे, दीपक और अन्य पूजन सामग्री की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। दुकानों पर खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है, जिससे दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। दुकानदार दीपक कुमार ने बताया कि इस बार बाजार में ग्राहकों की काफी भीड़ देखने को मिल रही है। त्योहार के चलते बिक्री में तेजी आई है। ऐसे में उन्हें इस बार अच्छा कारोबार होने और मुनाफा मिलने की उम्मीद है।