फतेहाबाद। शहर के आदर्श कॉलोनी में बिजली के तारों की चपेट में आने से एक भैंस और एक झोटे की मौत हो गई। हादसे में पशु मालिक को करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पशु मालिक संदीप ने बताया कि बिजली के तार सुबह से ही नीचे गिरे हुए थे। उन्होंने इसकी शिकायत बिजली निगम को की थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी तारों को ठीक नहीं किया गया। शाम को वह पशुओं को चारा रहे थे। इसी दौरान पशु गिरे हुए बिजली के तारों की चपेट में आ गए। करंट लगने से एक भैंस और एक झोटे की मौके पर ही मौत हो गई। संदीप का आरोप है कि यदि निगम की ओर से सुबह मिली शिकायत पर समय रहते कार्रवाई की जाती तो दोनों पशुओं की जान बचाई जा सकती थी। हादसे के बाद आसपास के लोगों में भी बिजली निगम के प्रति रोष है। लोगों ने खुले में पड़े बिजली के तारों को तुरंत ठीक करवाने की मांग की है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं, बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि उनके संज्ञान में इस तरह का कोई मामला नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यदि सुबह तार गिरने की सूचना मिली होती तो निगम की टीम उसे जरूर ठीक करती। मामले में संबंधित एसडीओ से बात करने के बाद ही वह स्थिति के बारे में कुछ बता सकेंगे।