फतेहाबाद। शहर में बढ़ते अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम मंगलवार को एक बार फिर मैदान में उतरी। मंगलवार को पिछले 15 दिनों में यह तीसरा बड़ा अभियान था। सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई कार्रवाई दुकानदारों के दुकान खोलने के साथ ही बाजारों में पहुंच गई। टीम ने हंस मार्केट, जवाहर चौक, थाना रोड, डीएसपी रोड, पुराना बस स्टैंड और लालबत्ती चौक पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान दो ट्रालियों में करीब 50 दुकानों का सामान और रेहड़ियां जब्त की गईं। कार्रवाई का नेतृत्व ट्रैफिक थाना प्रभारी जयसिंह और नगर परिषद के एसआई राहुल ने किया। टीम सबसे पहले हंस मार्केट पहुंची। यहां दुकानों के बाहर सड़क और सार्वजनिक स्थान पर रखा सामान हटवाया गया। कई दुकानदारों का सामान मौके से ही जब्त कर लिया गया। दुकानों के बाहर लगाए गए बोर्ड भी टीम ने कब्जे में ले लिए। अचानक टीम के बाजार में पहुंचने से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार आनन-फानन में सड़क और दुकानों के बाहर रखा सामान अंदर करते नजर आए। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी कि सड़क, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सामान रखकर रास्ता बाधित न किया जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। हंस मार्केट के बाद टीम थाना रोड पहुंची। यहां भी दुकानों के बाहर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। सड़क किनारे सामान रखने वालों को भविष्य में अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई। इसके बाद टीम ने अन्य बाजारों में भी कार्रवाई जारी रखी।