फतेहाबाद। शहर की कबीर बस्ती में नशे के खिलाफ मोहल्लेवासियों का अभियान दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को 13 युवकों को पकड़ने के बाद शनिवार को भी लोगों ने नशा लेने आए पांच युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले किया। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि नशा खरीदने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में युवक यहां पहुंचते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। शनिवार को लोगों ने पुलिस को कई बार फोन किया, लेकिन आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने खुद ही युवकों को पकड़कर बैठा लिया। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कबीर बस्ती में दो-तीन घरों में नशे की बिक्री होने का आरोप है। इन स्थानों पर नशा लेने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में युवक पहुंचते हैं। लोगों के अनुसार, बाहरी युवकों की आवाजाही से महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी होती है। इसी परेशानी से तंग आकर मोहल्लेवासियों ने अब खुद मोर्चा संभाल लिया है।