दिवाली के बाद जिले की आबोहवा बेहद खराब हो गई है। हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने से लोगों को सांस लेना भी मुश्किल होने लगा है। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 367 तक पहुंच गया। आसमान में सुबह से ही धुएं और धूल की मोटी परत छाई रही। सड़कों पर दूर तक धुंध जैसा स्मोग दिखाई दिया। इसके चलते लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। सांस संबंधी दिक्कतों और आंखों में जलन की शिकायत लेकर लोग अस्पतालों में भी पहुंच रहे हैं। दिवाली के बाद पटाखों से निकले धुएं के अलावा पराली जलाने की घटनाओं ने भी प्रदूषण को बढ़ाने में भूमिका निभाई है। जिले में अब तक पराली जलाने के 10 मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से पराली जलाने पर रोक लगाने और निगरानी के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद खेतों में आग लगाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार को भी कई जगहों पर लोगों ने पटाखे फोड़े। रात के समय आतिशबाजी के कारण वातावरण में धुआं बढ़ गया। इसका असर हवा की गुणवत्ता पर पड़ा और एक्यूआई में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह सैर पर निकलने वाले लोगों को भी प्रदूषित हवा के कारण परेशानी हुई। कई लोगों ने आंखों में पानी आने, जलन और लगातार खांसी होने की शिकायत की। प्रदूषण का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है। नागरिक अस्पताल के विशेषज्ञ डॉ.मनीष टुटेजा का कहना है कि प्रदूषण अधिक होने पर सुबह और देर शाम खुले में सैर करने से बचें। जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और बाहर जाते समय मास्क का इस्तेमाल करें। आंखों में जलन होने पर साफ पानी से धोएं। सांस लेने में अधिक परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।