भिवानी। जननायक जनता पार्टी परिवार की तरफ से गांव बड़दुचैना, ढाणी लक्ष्मण, नकीपुर, गिगनाऊ आदि कई गांव में पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने 6 दिसंबर को होने वाले 9 वें स्थापना दिवस का निमंत्रण दिया। इस बार स्थापना दिवस वीर बलिदान भूमि महेंद्रगढ़ की धरती पर मनाया जाएगा। कार्यक्रम में पहुंचे जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि ऐसा पहली बार है कि पार्टी का राज्य स्तर का कार्यक्रम दक्षिणी हरियाणा में मनाया जा रहा है। अमूमन रैलियां जींद, रोहतक, भिवानी या सेंटर में हुआ करती थीं, लेकिन इस बार अंतिम छोर पर रैली हो रही है। उन्होंने ग्रामीणों से रैली में पहुंचकर उसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव से उनका पीढ़ी दर पीढ़ी का रिश्ता रहा है। चाहे चौधरी देवीलाल हों, चाहे चौधरी ओमप्रकाश चौटाला हों, इस गांव ने हमेशा आशीर्वाद दिया है। उनके पिताजी को यहां से सांसद बनाया गया और दुष्यंत चौटाला को भी यहां से भरपूर ताकत मिली, जिससे वे उपमुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि हार और जीत जीवन के दो पहलू हैं। चौधरी देवीलाल भी चुनाव हारे और जीते, लेकिन संघर्ष में हमेशा रहे। वहीं मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग दुखी है। मंडियों में बायोमेट्रिक्स व अंगूठा लगाने के नए कानून से किसान उलझ गए हैं। खाद के लिए किसानों को पुलिस की लाइनों में लगना पड़ रहा है, जो पहले कभी नहीं सुना गया।