छावनी के रामकिशन कॉलोनी के ठीक सामने स्थिति आशा साइंटिफिक में मंगलवार सुबह लगभग 7 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटों और काले धुएं के गुबार ने इमारत को घेर लिया। इससे आसपास के रिहायशी व व्यावसायिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिसर से अचानक धुआं निकलता देखा गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। आसपास मौजूद दुकानों व मकानों के लोग एहतियातन बाहर निकल आए। साइंटिफिक उपकरणों के कारण धुएं का असर इलाके में फैलने से लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत का अहसास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 2 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और फायरमैन ने पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाया। स्थानीय पुलिस अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और भीड़ को हटाकर राहत व बचाव कार्य को सुचारू कराया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। वहीं प्रशासनिक और पुलिस टीम आग के सटीक कारणों और आर्थिक नुकसान का आकलन करने में जुट गई है।